देश भर में 60 साहित्यिक कार्यक्रम होंगे जिनमें भारतीय भाषाओं के 60 प्रकाशकों, पुस्तक-विक्रेताओं और साहित्य को समर्पित विभूतियों को सम्मानित किया जायेगा। वाणी प्रकाशन ग्रुप भारतीय साहित्य, समाज के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए इस परियोजना का शुभारम्भ केरल से कर रहा है क्योंकि वाणी प्रकाशन के संस्थापक डॉ. प्रेमचन्द ‘महेश’ ने अपनी प्रकाशन-यात्रा की शुरुआत केरल से ही की थी।
वाणी प्रकाशन ग्रुप द्वारा तीन श्रेणियों में सम्मान घोषित किये गये हैं–‘वाणी साहित्य भूषण सम्मान’, ‘वाणी हिन्दी अलंकार सम्मान’ और ‘वाणी सम्मान’।
1. 'वाणी साहित्य भूषण सम्मान' उन विभूतियों को प्रदान किया जायेगा, जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन भारतीय भाषाओं के साहित्य की सेवा में समर्पित किया है। यह सम्मान समस्त सम्मानों की श्रेणियों में सर्वोच्च है।
2. ‘वाणी हिन्दी अलंकार सम्मान’ उन हिन्दी सेवियों के लिए है जो विश्व में हिन्दी साहित्य के प्रति समर्पित हैं और युवाओं के बीच साहित्य को लोकप्रिय बना रहे हैं।
3. ‘वाणी सम्मान’ भारतीय समाज, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में निरन्तर योगदान देने के लिए प्रदान किया जायेगा।
केरल विश्वविद्यालय कार्यवट्टम परिसर, तिरुवनन्तपुरम में चल रहे 4 दिवसीय (19 से 22 जून 2023 तक) रिसर्चर फ़ेस्ट के दौरान ये सम्मान प्रदान किये जायेंगे।
वर्ष 2023 का 'वाणी साहित्य भूषण सम्मान' प्रख्यात लेखक व महात्मा गांधी अन्तरराष्ट्रीय विश्ववद्यालय, वर्धा के पूर्व प्रतिकुलपति प्रो. डॉ. ए. अरविन्दाक्षन को प्रदान किया जायेगा। उन्हें यह सम्मान भारतीय भाषाओं के साहित्य की सेवा के लिए दिया जायेगा।
‘वाणी हिन्दी अलंकार सम्मान’ केरल विश्वविद्यालय के भारतीय भाषा विभाग के निदेशक, क्रेडिट व सेमेस्टर सिस्टम के उपाध्यक्ष प्रो. डॉ. जयचन्द्रन आर., राजकीय आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज, कालीकट के हिन्दी विभाग की एसोसिएट प्रोफ़ेसर डॉ. सुमा एस., केरल विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग की आचार्य एवं अध्यक्ष प्रो. डॉ. एस.आर. जयश्री को प्रदान किया जायेगा। यह सम्मान इन साहित्यकारों को विश्व में हिन्दी साहित्य के प्रति समर्पण और युवाओं में हिन्दी के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए प्रदान किया जायेगा।
‘वाणी सम्मान’ डॉ. गिरिजा कुमारी आर. को हिन्दी और मलयालम भाषा के बीच अनुवाद, शोध और हिन्दी पुस्तक-विक्रेता के रूप में विशेष योगदान के लिए प्रदान किया जायेगा।
सम्मान समारोह की अध्यक्षता प्रो. डॉ. मोहनन कुन्नुमल (चेयरमैन, आल इंडिया हेल्थ यूनिवर्सिटी फ़ेडरेशन; कुलपति, केरल हेल्थ यूनिवर्सिटी, केरल विश्वविद्यालय) करेंगे।
इस मौके पर पाँच नयी पुस्तकों का लोकार्पण भी होने जा रहा है। वाणी प्रकाशन ग्रुप से प्रकाशित डॉ. ए. अरविन्दाक्षन की आलोचना-पुस्तक ‘कवि जो विकास है मनुष्य का’, प्रो. डॉ. एस.आर. जयश्री की सम्पादित पुस्तकें ‘नारी मन, नारी स्वर’ (मलयालम कहानियाँ) और ‘काव्य-सोपान’, प्रो. डॉ. पी.जी. शशिकला की सम्पादित पुस्तक ‘हिन्दी और मलयालम तुलनात्मक साहित्य : एक परिचय’ तथा डॉ. सुमा एस. की पुस्तक ‘फ़िल्म सफ़र : कल और आज’ का लोकार्पण किया जायेगा।
केरल विश्वविद्यालय कार्यवट्टम परिसर, तिरुवनन्तपुरम में 19 से 22 जून 2023 तक वाणी प्रकाशन ग्रुप की पुस्तक-प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है। इस प्रदर्शनी में वाणी प्रकाशन ग्रुप (वाणी प्रकाशन व भारतीय ज्ञानपीठ) की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी।